कानपुर। दहेली सुजानपुर में शनिवार को अवैध निर्माण ध्वस्त करने पहुंचे केडीए प्रवर्तन दस्ते पर हमला करने वाले दो लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इनमें इलाके के ही रहने वाले अंकित गुप्ता और राहुल गुप्ता शामिल हैं। दोनों आरोपी मामले में शनिवार को दर्ज कराई गई प्राथमिकी में नामजद थे। कोर्ट के आदेश पर दोनों को पुलिस ने जेल भेज दिया।
केडीए जोन- 4 (भूमि बैंक) की जोनल प्रभारी अधिकारी डॉ. अर्चना शर्मा ने प्राथमिकी दर्ज कराई थी। इसके अनुसार दहेली सुजानपुर स्थित अरबन सीलिंग की दो जमीनों पर कब्जा था। शनिवार दोपहर केडीए प्रवर्तन दस्ता इसे कब्जा मुक्त कराने पहुंचा। आरोप है कि वहां ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू करते ही मनोज गुप्ता की पत्नी ममता, राजू गुप्ता की पत्नी रीना गुप्ता, अंकित गुप्ता, राहुल गुप्ता, सनी गुप्ता, सूरज गुप्ता आदि ने केडीए टीम से अभद्रता की। ईंट–पत्थर फेंककर जेसीबी का शीशा तोड़ दिया और बैटरी निकाल ले गए। इसमें जेसीबी चालक घायल हो गया। सभी लाेगों ने खेतों की तरफ भाग कर जान बचाई थी। सूचना पर पहुंचे दरोगा और सिपाही से भी अभद्रता की थी। चकेरी इंस्पेकटर अजय कुमार मिश्रा ने बताया कि दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।