कानपुर घाटमपुर के साढ़ कस्बे के सुखैयापुर गांव में जहरीली शराब पीने से दो लोगों की मौत हो गई जबकि चार की हालत गंभीर होने पर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की जानकारी होते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। देर शाम अधिकारी गांव पहुंचे और जांच-पड़ताल शुरू की। ग्रामीणों ने पुलिस को घेरकर धक्का-मुक्की की।
भीड़ ने शराब बेचने वाले की दुकान में भी तोड़-फोड़ की। पुलिस ने बताया कि गुरुवार को सुखइयापुर गांव निवासी सुरेश यादव की बेटी की बरात आई थी। शुक्रवार को बरात विदा होने के बाद शाम को कुछ लोगों ने गांव के राहुल यादव की परचून दुकान से देशी शराब खरीदकर पी। इसके कुछ देर बाद ही उनको उल्टी-दस्त शुरू हो गए। दो लोगों ने दिखाई न देने की बात कही।