जसवंतनगर। नगरिया मूंज में सोमवार दोपहर रास्ते के विवाद में दो पक्षों में जमकर मारपीट हो गई। इसमें दोनों पक्षों से आठ लोग घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को सीएचसी में भर्ती करवाकर मामले की जांच शुरू कर दी।
कमला देवी (54) निवासी नगरिया मूंज ने बताया कि सोमवार दोपहर एक बजे वह अपने ट्रैक्टर को एक रास्ते से निकाल रही थीं। इस दौरान विपक्षी ने आकर गाली-गालौज शुरू कर दी। विरोध करने पर उनके साथ मौजूद राधा (18), योगेश (15) और विशाल (17) को मारपीट कर घायल कर दिया। वहीं, दूसरे पक्ष के केशव सिंह (35) ने बताया है कि जिस रास्ते से ट्रैक्टर निकाला जा रहा था। वह जमीन उनकी है। उन्होंने जब रोकने का प्रयास किया तो विपक्षियों ने मारपीट शुरू कर दी।
इसमें केशव समेत नारायण (28), विनय (15), मोहिनी (22) घायल हुए। सूचना पर पुलिस ने दोनों पक्षों को सीएचसी में भर्ती कराया। थाना प्रभारी रामसहाय ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। जांच के बाद आरोपियों पर कार्रवाई की जाएगी।