कानपुर देहात। रसूलाबाद थाना पुलिस की बृहस्पतिवार को रामपुर-नारखास मार्ग पर बाइक सवार तीन बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। पुलिस ने दो बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जबकि तीसरा मौके से भाग गया। पूछताछ में आरोपियों ने सिद्ध बाबा बनकर महिलाओं से ठगी व छिनैती की घटनाओं को अंजाम देने की बात कही है।
सीओ रसूलाबाद आलोक कुमार ने बताया कि रसूलाबाद थानाध्यक्ष एसएन सिंह, अपराध निरीक्षक राजपाल सिंह ने टीम के साथ बृहस्पतिवार को मुठभेड़ में रूरा थाना क्षेत्र के नौरंगाबाद निवासी शाहरूख (30) और राजपुर थाना क्षेत्र के जल्लापुर सिकंदरा निवासी समीर (21) को गिरफ्तार किया है। दोनों कानपुर नगर के घाटमपुर थाना क्षेत्र के बेंदा निवासी साथी हुसैन के साथ वारदात करते थे। इनके पास से दो तमंचे, कारतूस, जेवर व 11 हजार रुपये, दो बाइक बरामद हुईं। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वह दोनों मौके से भाग निकले।
हुसैन सिद्ध बाबा बनकर आगे चलता था। वह दोनों राहगीरों को हुसैन के सिद्ध बाबा होने और हरिद्वार से आने की बात बताकर विश्वास में लेते थे। इसके बाद महिलाओं को अनहोनी का भय दिखाकर उनके जेवरात और नकदी ठग लेते थे। उन लोगों ने 18 अगस्त को मंगलपुर थाना क्षेत्र के आराजी अड्डा, 12 अगस्त को मुजफ्फरपुर में महिलाओं को झांसे में लेकर जेवर व नकदी ठगी थी। इसके अलावा 16 अगस्त को रसूलाबाद के जिंदानिवादा बस स्टॉप, शिवली-कानपुर रोड पर दो महिलाओं से बाला, माला, मोबाइल और 2500 रुपये ठगने की बात भी कबूल की। साथ ही छह जुलाई को सिकंदरा के बक्सीडेरा गांव में महिला से झुमके व मंगलसूत्र छीनने व 28 जुलाई को औरैया के अछल्दा कस्बा में महिला से चेन ठगी थी। गिरफ्तार आरोपियों को पुलिस ने कोर्ट में पेश किया है।
...................
बयान...
गिरफ्तार आरोपी शाहरुख व समीर बेहद ही शातिर किस्म के अपराधी हैं। शाहरुख के खिलाफ 12 व समीर के खिलाफ सात आपराधिक मामले दर्ज हैं। दोनों को कोर्ट में पेश किया गया है। वहां से उन्हें जेल भेजा गया है। फरार आरोपी हुसैन की तलाश की जा रही है। जल्द ही उसे भी गिरफ्तार किया जाएगा। पुलिस तीनों आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है। आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर व अन्य कार्रवाई भी की जाएंगी। - आलोक कुमार, सीओ रसूलाबाद