Kanpur News: फूलबाग डिवीजन के तहत आने वाले संजयनगर क्षेत्र में बिलिंग में गड़बड़ी का मामला सामने आया है। यहां दो किलोवॉट के मीटर में पांच महीने का बिल 24 लाख रुपये आया।
केस्को के ऑनलाइन बिलिंग सिस्टम को अपग्रेड हुए चार माह से अधिक समय हो चुका हैं, लेकिन बिलिंग में गड़बड़ी रुकने का नाम नहीं ले रही है। ताजा मामला फूलबाग डिवीजन के अंतर्गत आने वाले संजयनगर क्षेत्र का है। यहां एक उपभोक्ता का पांच महीने का बिल 24 लाख रुपये आया है। घर में दो किलोवॉट का मीटर लगा है। अब उपभोक्ता कभी एसडीओ तो कभी जेई के पास बिल संशोधन को लेकर जा रहा है।
विज्ञापन
संजयनगर निवासी चंद्रशेखर निजी प्रतिष्ठान में कार्य करते हैं। उनके घर पर दो किलोवॉट का मीटर लगा हुआ है। उन्होंने बताया कि जनवरी तक उन्होंने बिजली का बिल जमा किया था। इसके बाद मीटर रीडर उनके यहां आता था, लेकिन बिल होल्ड होने की बात कहकर चला जाता था। उन्होंने कई बार शिकायत की, लेकिन समाधान नहीं हुआ। शुक्रवार को वह एक्सईएन कार्यालय गए।
वहां पर अधिकारियों से मिलने के बाद जब उनका बिल सामने आया तो उनके होश उड़ गए। उनके घर का बिल 2394512 रुपये आया। उन्होंने अधिकारियों को जानकारी दी, लेकिन बिल संशोधित नहीं हुआ। केस्को के मीडिया प्रभारी श्रीकांत रंगीला ने बताया कि बिल में गड़बड़ी हुई होगी। इतना ज्यादा बिल नहीं आना चाहिए। सोमवार या मंगलवार को बिल संशोधित हो जाएगा।