हमीरपुर जिले में बीती रात तहसीलदार सदर के चालक को बालू के ओवरलोड ट्रकों से वसूली करते हुए ग्रामीणों ने पकड़कर जमकर पीटा और डायल 112 को बुलाकर पुलिस के सुपुर्द कर दिया। चर्चा है कि चालक तहसीलदार की गाड़ी लेकर वसूली कर रहा था। गाड़ी से ग्रामीणों ने शराब की बोतलों के साथ अन्य आपत्तिजनक चीजें बरामद करके वीडियो बनाया है।
भरुआ सुमेरपुर थाना क्षेत्र में बीती रात करीब 11:00 बजे टेढ़ा गांव के पचखुरा मोड के समीप तहसीलदार सदर का चालक उत्तर प्रदेश सरकार मजिस्ट्रेट लिखी बोलेरो में बैठकर पैलानी की ओर से आने वाले ओवरलोड बालू लेकर आ रहे ट्रक चालकों से वसूली कर रहा था। शंका होने पर कुछ चालकों एवं ग्रामीणों ने सवाल जवाब शुरू कर दिए। इसके बाद चालक बोलेरो लेकर टेढ़ा के मेन बस स्टैंड पर आ गए। यहां पर दुकान में सो रहे एक दुकानदार के साथ मारपीट करके उसे गाड़ी में बैठाने का प्रयास किया।
दुकानदार के शोर मचाने पर कई ग्रामीण एकत्र हो गए और चालक को जमकर पीटा। ग्रामीणों ने डायल 112 को बुलाकर युवक को पुलिस के सुपुर्द कर दिया। थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि चालक की ग्रामीणों के साथ मारपीट हुई है। वसूली का आरोप निराधार है। ग्रामीणों ने तहरीर देने की बात कही है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज करके कार्रवाई की जाएगी। चालक पुलिस की हिरासत में थाने में मौजूद है।