नियमों को ताक पर रखकर सवारियां ढोने वाले एक ओवरलोड ऑटो का संतुलन बिगड़ने से वह सामने से आ रहे तेज रफ्तार लोडर से टकरा गया। इस भीषण भिड़ंत में ऑटो सवार एक बुजुर्ग महिला सहित दो यात्रियों की मौके पर ही तड़प-तड़पकर मौत हो गई। हादसे के बाद लोडर चालक गाड़ी समेत मौके से रफूचक्कर हो गया, वहीं मौका पाकर ऑटो चालक भी अपनी गाड़ी छोड़कर फरार होने में सफल रहा। इस खौफनाक हादसे के बाद जीटी रोड पर चीख-पुकार मच गई।
किनारे बैठे यात्री बने काल का ग्रास
यह पूरी घटना जीटी रोड पर पर्यटक आवास गृह के सामने की है। चश्मदीदों के मुताबिक, मकरंदनगर की ओर से एक ऑटो सवारियों को लेकर आ रहा था। तीन सवारी की पासिंग क्षमता वाले इस ऑटो में चालक ने लालच के चक्कर में ठूंस-ठूंस कर करीब आठ सवारियां बैठा रखी थीं। जैसे ही ऑटो पर्यटक आवास गृह के सामने पहुंचा, चालक ने आगे चल रहे एक वाहन को तेजी से ओवरटेक करने की कोशिश की।
दूसरे शव की पहचान कराने में जुटी पुलिस
हार्ट-अटैक कर देने वाले इस हादसे में जान गंवाने वाली महिला की शिनाख्त सरायमीरा निवासी करीब 50 वर्षीय फूलश्री के रूप में हुई है, जिनकी मौत की खबर मिलते ही उनके परिवार में कोहराम मच गया है। वहीं, हादसे में मारे गए दूसरे करीब 55 वर्षीय अधेड़ व्यक्ति के शव की शिनाख्त अभी तक नहीं हो सकी है। दुर्घटना में ऑटो सवार कुछ अन्य यात्रियों को भी मामूली चोटें आईं, जो हादसे के बाद सहम गए और पुलिस के आने से पहले ही दूसरे वाहनों में सवार होकर अपने गंतव्य के लिए रवाना हो गए।