इस दुर्घटना में ई-रिक्शा चालक समेत 02 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से वाहन लेकर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया और परिजनों को सूचित किया।
पाली चौराहे से रामादेवी की ओर जा रहा था ई-रिक्शा
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार घटना सोमवार सुबह करीब 07 बजे की है। सचेंडी थाना क्षेत्र के लाल भूल निवासी प्यारेलाल का पुत्र पंकज ई-रिक्शा चलाकर पाली चौराहे से रामादेवी की ओर जा रहा था। जैसे ही ई-रिक्शा छतमरा स्थित पेट्रोल पंप के सामने पहुंचा, तभी सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने ई-रिक्शा में सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि ई-रिक्शा के परखच्चे उड़ गए और चालक समेत उसमें सवार दूसरा व्यक्ति सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस ने घायलों को भेजा अस्पताल, फरार वाहन की तलाश शुरू
दुर्घटना की जानकारी मिलते ही पाली चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक अतुल कुमार मिश्र पुलिस टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने राहगीरों की मदद से दोनों घायलों को एंबुलेंस के जरिए काशीराम अस्पताल भिजवाया, जहां उनका इलाज जारी है।
पुलिस ने घटना की जानकारी घायलों के परिजनों को दे दी है। वहीं, पुलिस का कहना है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि टक्कर मारकर भागने वाले अज्ञात वाहन और उसके चालक का सुराग लगाया जा सके।