कानपुर शहर और आउटर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दो लोगों ने फांसी लगाकर जान दे दी। वहीं, दो युवकों का शव अलग-अलग जगह रेलवे ट्रैक पर मिला। पुलिस की जांच के मुताबिक तीन मामले तो सुसाइड की तरफ इशारा कर रहे हैं। जबकि चौथे मामले में परिजनों ने पार्टनर पर हत्या के बाद शव रेलवे ट्रैक पर फेंकने का आरोप लगाया है। इन सभी मामलों की संबंधित थाने की पुलिस जांच कर रही है। पेश है चारों मामलों की अलग-अलग रिपोर्ट।
रेलवे लाइन पर मिला शव, पार्टनर पर हत्या का आरोप
बिधनू थाना क्षेत्र के गोपाल नगर निवासी दीपक शर्मा (48) का शव गुरुवार रात को कुलगांव चौकी के पास रेलवे ट्रैक किनारे पड़ा मिला। पत्नी कोमल ने बताया कि वह अपने एक दोस्त के साथ ट्रक बॉडी का काम पार्टनरशिप में करते थे, लेकिन कुछ दिनों से दोनों के बीच विवाद चल रहा था। गुरुवार सुबह दीपक किसी से पेमेंट लेने की बात कहकर घर से निकले थे।
रात करीब आठ बजे बिधनू पुलिस ने रेलवे ट्रैक किनारे शव पड़ा होने की सूचना दी। परिजनों का आरोप है कि पार्टनर ने हत्या के बाद शव को रेलवे ट्रैक किनारे फेंक दिया। मौत की जानकारी मिलते ही परिजन रो-रोकर बदहवास हो गए। बिधनू पुलिस तहरीर के आधार पर मामले की जांच कर रही है। एसपी आउटर तेज स्वरूप सिंह ने बताया कि शुक्रवार को शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बीमारी से परेशान युवक ने फांसी लगाकर दी जान
सचेंडी के गंभीरपुर भौती निवासी पिंटू कुशवाहा (35) प्राइवेट नौकरी करते थे। पत्नी सतना ने बताया कि सुबह सोकर उठी तो पति का शव दूसरे कमरे में फंदे के सहारे लटकता मिला। पत्नी ने बताया कि बीमारी के चलते पति अवसाद में थे। मृतक के भाई मुकेश और सुशांत ने सचेंडी थाने में सूचना दी। पुलिस ने जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
बुजुर्ग ने फांसी लगाकर दी जान
चकेरी थाना प्रभारी शैलेंद्र सिंह ने बताया कि न्यू आजाद नगर सतभरी रोड निवासी जगदीश निषाद (68) का घर के पास ही चाय का स्टॉल था। पत्नी कमला का डेढ़ साल पहले निधन हो गया था। इसके चलते वह तनाव में रहते थे। शुक्रवार सुबह जगदीश का शव कमरे में फंदे से लटका मिला। मामले की जानकारी मिलते ही बेटे अनिल, सुनील और राजेंद्र पहुंचे। चकेरी थाने पर सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
रेलवे ट्रैक पर मिला युवक का शव
कलक्टरगंज थाना क्षेत्र के सीपीसी रेलवे कॉलोनी निवासी राजकुमार (40) प्राइवेट नौकरी करते थे। भाई श्याम ने बताया कि उनके घर के सामने रेलवे लाइन है। सुबह परिवार के लोग सोकर उठे तो रेलवे लाइन किनारे राजकुमार का शव पड़ा मिला। परिजनों ने आशंका जताई है कि देर रात लघुशंका के दौरान ट्रेन की चपेट में आ गए होंगे। इससे उनकी मौत होने का अनुमान है। कलक्टरगंज पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।