बर्रा इंस्पेक्टर संजय पांडेय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पेट्रोल पंप लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि जूही कलां निवासी युवक ने युवती और उसके अज्ञात साथियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। वहीं युवती ने युवक पर बर्थडे पार्टी के बहाने कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ पिलाकर साथियों संग दुष्कर्म करने समेत अन्य गंभीर आरोप लगाते हुए दी है। पूरी घटना की जांच कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
बता दें कि बर्रा थाना क्षेत्र की दो युवतियां प्रेमी को लेकर एक दूसरे को धमकाने लगीं। मामला इतना बढ़ा कि देर रात पटेल चौक के पास दोनों करीब 20-25 युवकों के साथ स्कार्पियो, क्रेटा कार और पांच-छह बाइकों से पहुंच गईं। दोनों पक्षों में मारपीट होने लगी और चौराहे के पास जूही कलां निवासी सार्थक यादव और घंटाघर निवासी विपिन दीक्षित की क्रेटा कार में तोड़फोड़ तक कर दी। एक युवक पर पिस्टल से फायर करने का प्रयास भी किया, लेकिन वह मिस हो गया। इस पर युवक ने उसके सिर पर पिस्टल से वारकर घायल कर दिया। इससे लोग दहशत में आ गए।
चौकी प्रभारी गीता सिंह ने बताया कि दो युवतियों के बीच उनके प्रेमी को लेकर मैसेज के जरिए विवाद हुआ और सभी चौराहे पर आ गए थे। मारपीट के दौरान दो कारों में तोड़फोड़ की गई। पेट्रोल पंप पर मिले सीसीटीवी फुटेज से युवकों की पहचान घाटमपुर के युवकों की हुई है। टीम दबिश देने गई हैं।
वहीं, मामले में क्षतिग्रस्त कार के मालिक डेयरी संचालक डब्ल्यू-टू ब्लाक जूही कलां निवासी सार्थक सिंह यादव ने बताया कि वह मां की दवा लेने कार से गया था। चौराहे के पास दो दोस्तों से बातचीत करने लगे। तभी एक स्कार्पियो, पांच बाइक से युवती समेत 16-17 लोगों ने मारपीट कर उन पर फायर किया, लेकिन वह मिस हो गया। पीड़ित ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।