हेलमेट बगैर बाइक से दूर का सफर तय कर रहे दो दोस्तों को रविवार देर शाम तेज रफ्तार ट्रक ने रौंद डाला। फर्रुखाबाद के एक ही गांव के रहने वाले दोनों दोस्त मध्य प्रदेश के भिंड से घर लौट रहे थे। हादसे के बाद चालक ट्रक को लेकर भाग गया। पुलिस ने दोनों दोस्तोें के परिजनों को सूचना देकर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। ये दर्दनाक हादसा यूपी के इटावा जिले में हुआ।
भिंड रोड पर शाम छह बजे हुए हादसे के बाद लोगों ने बताया कि ट्रक की रफ्तार काफी तेज थी। दोनों युवक एक ही बाइक पर भिंड की ओर से आ रहे थे। वे उदी गांव के आगे निकले ही थे कि सामने से ट्रक आ गया। टक्कर लगते ही दोनों नीचे गिर पड़े और ट्रक उनको रौंदते हुए निकल गया। ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस दोनों युवकों को जिला अस्पताल ले गई। वहां उनको मृत घोषित कर दिया गया।