फतेहपुर जिले के चौडगरा में डिवाइडर से टकराने के बाद बाइक सवार युवक अपने ममेरे ससुर के साथ नहर में जा गिरा। दोनों सोमवार को पूरी रात नहर में पड़े रहे। हादसे में दोनों की मौत हो गई। ग्रामीणों ने सुबह देखा तो घटना की जानकारी हुई। पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को सूचना दी। हादसे से परिजनों में कोहराम मच गया।
पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम कराया है। कल्यानपुर थाना क्षेत्र के कोरसम मवइया गांव निवासी विनय सविता (26) सैलून का संचालक था। वह सोमवार शाम कानपुर किदवईनगर थाने के भाभानगर निवासी ममेरे ससुर श्यामू सविता (32) के साथ बाइक से चौडगरा कस्बे में कुछ सामान खरीदने जा रहा था। कल्यानपुर थाने के पहुर-खजुहा मार्ग पर अदमापुर नहर पुल के पास किसी वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। बाइक सवार पुल के डिवाइडर से टकरा कर नहर के पानी में गिरे।