कानपुर देहात। डेंगू की चपेट मेें आकर सरदारपुर के युवक व बुखार से चांदापुर निवासी युवक की मौत हो गई। जिले में अब डेंगू व बुखार से मौतों का आंकड़ा बढ़कर 36 पहुंच गया है।
वही, मंगलवार को जिला अस्पताल की ओपीडी में 725 मरीज आए। सबसे अधिक भीड़ बाल रोग विशेषज्ञ की ओपीडी में रही। दोपहर करीब एक बजे तक यहां एक सौ बच्चों का उपचार किया गया। वहीं, मंगलवार को भी त्वचा व नेत्र रोग विशेषज्ञ की ओपीडी बंद रहने से मरीजों को परेशान होना पड़ा। इसी तरह जिले के अन्य स्वास्थ्य केंद्रों में मरीजों की भीड़ रही।
गजनेर थाना क्षेत्र के सरदारपुर गांव निवासी अंकुल (21) पुत्र ब्रजलाल यादव को तीन दिन पहले बुखार आया था। तेज बुखार के साथ उल्टियां होने पर 19 सितंबर को चाचा आनंद पाल व पवन उसको जिला अस्पताल ले गए। जहां हालत गंभीर होने पर कानपुर हैलट रेफर कर दिया गया। वहां जांच में अंकुल को डेंगू की पुष्टि हुई। परिजनों ने बताया कि उल्टियां अधिक होने पर हैलट के डॉक्टर ने नौ यूनिट खून लाने की बात कही। दो यूनिट खून लाकर दिया। बाकी का इंतजाम न होने पर अंकुल को डिस्चार्ज कर दिया गया। लाचार परिजन सोमवार की रात उसे घर ला रहे थे। रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। जवान बेटे की मौत पर पिता ब्रजलाल, मां अंजू देवी सहित अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। ग्राम प्रधान लाल बहादुर ने बताया कि मृतक की हैलट में हुई जांच में डेंगू की पुष्टि हुई थी।
इसी तरह, भोगनीपुर तहसील क्षेत्र के चांदापुर गांव निवासी कैलाश (38) को पिछले कई दिनों से बुखार आ रहा था। सोमवार को हालत बिगड़ने पर परिजन जिला अस्पताल ले गए। वहां से कानपुर हैलट रेफर कर दिया गया, लेकिन रास्ते में देर शाम कैलाश की मौत हो गई। अमरौधा पीएचसी प्रभारी डॉ. आदित्य सचान ने बताया कि जांच के लिए टीम को गांव भेजा गया है।
सरदारपुर के युवक की डेंगू व चांदापुर के युवक की बुखार से मौत की सूचना पर टीम भेजकर जांच कराई जाएगी। डेंगू व बुखार से बचाव के लिए गांवों में दवा का नियमित रूप से छिड़काव कराया जा रहा है। - डॉ. एके सिंह (सीएमओ)
प्रशिक्षु फार्मासिस्ट सहित पांच डेंगू संदिग्ध भर्ती
मंगलवार को जिला अस्पताल परिसर में रहने वाले प्रशिक्षु फार्मासिस्ट गोपाल (22) की बुखार से हालत बिगड़ गई। डेंगू संदिग्ध मानते हुए उसे जनरल वार्ड में भर्ती किया गया। वहीं, अकबरपुर के संजयनगर निवासी अनुसुइया (48), यहीं के मृदुल अवस्थी (20), रनियां के विशाल (18) व सरगांव खुर्द के अश्वनी (17) को भी डेंगू संदिग्ध मानकर भर्ती किया गया है।
किट से राजपुर थाने की महिला सिपाही डेंगू पॉजिटिव
राजपुर थाने में तैनात महिला सिपाही मीनाक्षी को कई दिनों से बुखार आने पर मंगलवार को किट से डेंगू की प्रारंभिक स्क्रीनिंग कराई। जिसमे डेंगू पॉजिटिव होने की पुष्टि हुई। थानाध्यक्ष कपिल दुबे ने बताया कि महिला सिपाही को कई दिनों से बुखार आ रहा था। मंगलवार को अचानक हालत बिगड़ गई। उसे अकबरपुर क्षेत्र के नबीपुर स्थित एक प्राइवेट हास्पिटल में भर्ती कराया गया। जहां किट से जांच में डेंगू होने की पुष्टि हुई है।
----
डेंगू वार्ड में बिना मच्छरदानी मरीज भर्ती
कानपुर देहात। डेंगू व बुखार मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए अलग से वार्ड बनाकर सभी बेड में मच्छरदानी लगाए जाने के निर्देश दिए, लेकिन जिम्मेदारों ने इसमें भी खानापूरी करने में कोई कसर नहीं छोड़ी। जिला अस्पताल अकबरपुर में दस बेड का डेंगू वार्ड तो बना दिया गया, लेकिन मच्छरदानी सिर्फ छह बेड में लगाई गई। मंगलवार को डेंगू संदिग्ध तीन मरीज विशाल, अश्वनी व मृदुल अवस्थी को बिना मच्छरदानी वाले बेड में भर्ती कर लिया गया। अस्पताल कर्मचारियों का कहना है कि मच्छरदानी तो है, लेकिन स्टिक न होने से समस्या आ रही है। (संवाद)