मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आदेश के बाद सड़कों पर घूमने वाले आवारा जानवरों को गोशालाओं में ठूंस ठूंस के भर दिया गया है। जिससे गोशालाओं में अव्यवस्था शुरु हो गई है। जानवरों को खाने के लिए भरपेट चारा भी नहीं मिल रहा है। शायद यही वजह है कि कन्नौज के चपुन्ना में बनाई गई अस्थायी गोशाला में क्षमता से अधिक मवेशी होने से वहां अव्यवस्थाओं का दौर है।
गोशाला में दो गाय की मौत हो गई, जबकि तीन की हालत गंभीर है। दोनों मृत गायों का बिना पोस्टमार्टम कराए दफना दिया गया। ग्राम मुर्रा में बनाई गई अस्थायी गोशाला में क्षमता से अधिक मवेशी आ जाने से प्रशासन ने अब क्षेत्र के ग्राम शरीफपुर में गोशाला का निर्माण काफी तेजी से शुरू करा दिया है। हालत यह है कि तीन-तीन जेसीबी लगाकर खुदाई करई जा रही है। यहां ग्राम समाज में चारागाह की 14 बीघा जमीन को गोशाला के लिए चिन्हित किया गया है। अधिकारियों ने बताया कि मुर्रा में मौजूद मवेशियों को अब शरीफपुर की गोशाला में रखा जाएगा। उधर, डॉ. पवन कुमार ने बताया कि मुर्रा की अस्थायी गोशाला में कई पशु बीमार हैं। उनका उपचार किया जा रहा है।