फतेहपुर जिले के बिंदकी में टेबल फैन में आ रहे करंट की चपेट में आकर रविवार को सगे भाइयों की मौत हो गई। घटना के समय दोनों भाई कमरे में थे। काफी देर बाद परिजन पहुंचे तो दोनों भाइयों को जमीन पर पड़ा देखकर उनके होश उड़ गए।
परिजन उन्हें लेकर सीएचसी पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। कोतवाली क्षेत्र के जनता गांव के मजरे सुमेरपुर निवासी किशन (55) और ओमप्रकाश (50) दोनों सगे भाई थे और एक ही मकान में रहते थे। रविवार को दोनों घर के बाहरी कमरे में बैठे थे।
इस दौरान बड़ा भाई किशन टेबल फैन को उठाकर रखने लगा। पंखे को छूते ही वह उसमें आ रहे करंट की चपेट में आ गया। बड़े भाई को करंट से तड़पता देख छोटा भाई ओमप्रकाश बचाने के लिए पहुंचा। वह भी करंट की चपेट में आ गया। हादसे के समय परिजन घर के बाहर व दूसरे कमरों में थे।