बांदा जिले के जसपुरा में किराए पर लिए मकान की मरम्मत के लिए मिट्टी खोदने गए दो सगे भाई टीला ढहने से दब गए और लगभग एक घंटे से ज्यादा दो जेसीबी से हटाए गए मलबे के बाद दोनों के शव बरामद हुए।
मृतकों में एक बालक हाईस्कूल का छात्र था। जसपुरा कस्बे में पृथ्वीपाल सिंह के कच्चे मकान में वीरेंद्र सिंह किराए पर अपने परिवार सहित रहता है। त्योहारों के मद्देनजर मकान की मरम्मत के लिए शनिवार को सुबह वीरेंद्र के दो पुत्र विवेक सिंह (15) व अभिषेक सिंह (11) जसपुरा कस्बे के पास मजरा तरौड़ा रोड पर बाइक से मिट्टी लेने गए थे।
यहां ऊंचे टीले के नीचे मिट्टी खोद रहे थे। सुबह करीब आठ बजे अचानक ऊंचा टीला ढह गया। भारी मात्रा में गिरी मिट्टी में दोनों भाई दब गए। आसपास सुनसान होने से घटना कोई देख नहीं सका।