डेरापुर(कानपुर देहात)। मुंगीसापुर रोड पर पटेल ईंट भट्ठे के पास बाजार आ रहे बाइक सवार दो युवको को पीछे से आए तेज रफ्तार वाहन ने टक्कर मार कर घायल कर दिया। गंभीर रूप से घायलों को परिजन मेडिकल कालेज लाए। यहां से दोनों को कानपुर रेफर कर दिया गया। कानपुर में दोनों की मौत हो गई।
डेरापुर थाना क्षेत्र के जहली निवासी कुलदीप सिंह (38) शनिवार शाम सात बजे के करीब गांव के रामआसरे संखवार (58) के साथ मुंगीसापुर बाजार जा रहे थे। बाइक से पटेल ईंट भट्ठे के पास पहुंचने पर दोनों सड़क किनारे खड़े होकर किसी से बात कर रहे थे। इसी बीच पीछे से आया तेज रफ्तार वाहन टक्कर मारते हुए भाग निकला। टक्कर लगने से बाइक सवार दोनों युवक सड़क पर गिर कर गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसा देख लोगों ने पुलिस को जानकारी दी और घायलों को मेडिकल कॉलेज अकबरपुर पहुंचाया। यहां से दोनों की हालत गंभीर देख डॉक्टर निशांत पाठक ने कानपुर रेफर कर दिया। कानपुर में उपचार के दौरान कुलदीप व रामआसरे की मौत हो गई। अनहोनी पर परिवार के लोगों का हाल बेहाल रहा। थानाध्यक्ष डेरापुर देवेंद्र सिंह ने बताया कि हादसा कर भागने वाले वाहन की तलाश की जा रही है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
..................
एक साथ शव गांव पहुंचे पर बिलखते रहे परिजन
डेरापुर। सड़क हादसे में जहली गांव के दो युवकों की मौत की जानकारी पर गांव में रविवार को मातम छाया रहा। गांव के लोग पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाते रहे। देर शाम पोस्टमार्टम के बाद शव घर आए तो मृतक कुलदीप सिंह की मां श्यामा देवी, पत्नी उर्मिला देवी उर्फ बेबी, बेटे सत्यम सिंह, शिवम सिंह, बेटी शिवानी बिलखते रहे। पिता का शव देख बेटे मां से लिपट कर रोते रहे। कुलदीप खेती किसानी करते थे। उनके हादसे की जानकारी पर लोगों ने पहुंच पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया। वहीं, मृतक राम आसरे की पत्नी सुखदेवी, बेटा भूरा, गोविंद, बेटी पप्पी, मनोरमा का हाल बेहाल रहा। सुखदेवी बार बार यह कह बिलखती रही कि अब घर की जिम्मेदारी कौन संभालेगा। बेटे भूरा ने बताया कि पिता खेती के साथ मजदूरी करते थे। (संवाद)