इटावा। आगरा-कानपुर नेशनल हाईवे पर रविवार रात तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। इसमें एक बाइक सवार युवक की मौत हो गई जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, यहां से उसे सैफई रेफर कर दिया गया।
रविवार को औरैया के अछल्दा निवासी पुष्पेंद्र कुमार (23), चचेरे भाई अंकित (22) के साथ किसी काम से आगरा गए थे। लौटते समय उन्हें रात हो गई। देर रात करीब साढ़े 12 बजे आगरा-कानपुर नेशनल हाईवे स्थित एक निजी स्कूल के सामने तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
दोनों को जिला अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टर ने पुष्पेंद्र कुमार को मृत घोषित कर दिया। अंकित का प्राथमिक उपचार देकर सैफई रेफर कर दिया। सिविल प्रभारी निरीक्षक विक्रम सिंह ने बताया कि ट्रक चालक की तलाश जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार किया जाएगा। वहीं, हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई।