डेरापुर। बिहार घाट चौकी क्षेत्र के एक ढाबे के पास ट्रक पलटने के दौरान दवा व ट्यूब चोरी के मामले में पुलिस ने गुरुवार को सामान सहित ट्रक चालक व सहयोगी को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से पूछताछ कर जा रही है।
आगरा के थाना एत्माउद्दौला के गांव नाई की सराय का निवासी अजय कुमार गौतम वहीं के कमाल नगर निवासी दयाशंकर का ट्रक चलाता है। ट्रक की देखभाल दयाशंकर का बेटा विकास करता है। 11 मई को चालक अजय सामान लादकर कानपुर आ रहा था। कानपुर-इटावा हाईवे पर बिहार घाट चौकी क्षेत्र के एक ढाबे के पास ट्रक का टायर फटने से वह पलट गया।
12 मई की सुबह ट्रक चालक अजय ने घटना की सूचना विकास को दी। इस पर विकास ने कानपुर से ट्रक चालक अंकित को भेजकर सामान को गंतव्य तक पहुंचाने के लिए कहा। अंकित साथी रामसिंह के साथ मौके पर पहुंचा और ट्रक में माल लोड कर चला गया। जब उसने बिल्टी से माल का मिलान किया तो दवा के सात कार्टून व दो बोरी ट्यूब कम मिले।
इस पर अंकित ने ट्रक मालिक को जानकारी दी। इस पर विकास ने 24 मई को अजय के खिलाफ डेरापुर थाने में रिपोर्ट दर्ज करा दी। गुरुवार को चौकी बिहार घाट प्रभारी रणजीत सिंह ने एक ढाबे के पास से अजय कुमार गौतम निवासी आगरा व शिवम तिवारी निवासी बमरीपुर जनपद औरैया को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों ने जानकारी दी है कि उन्होंने ट्रक से दवा व ट्यूब चोरी कर खाई में छिपा दिए थे। जिन्हें वह लेने आये थे। दोनों की निशानदेही पर दवा व ट्यूब बरामद कर लिए गए हैं।