जालौन जिले के कालपी कस्बे में गुरुवार की सुबह जोल्हूपुर कालपी फोर लेन हाईवे पर बालू लादकर कानपुर की तरफ जा रहे एक 14 चक्का ट्रक में अचानक आग लग गई। देखते-देखते गाड़ी आग के गोले में तब्दील हो गई। इससे हाईवे पर हड़कंप मच गया।
जहां हादसा हुआ वहां सामने गैस गोदाम था। इससे लोग घबरा गए कई वाहन चालक अपनी गाड़ियां छोड़कर भागते देखे गए। समय रहते फायर बिग्रेड की टीम ने आग पर काबू पाया। सूचना पर पहुंची पुलिस व अग्निशमन दल के लोगों ने आग पर काबू पाया।
गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई। गुरुवार की सुबह करीब 7 बजे जोल्हूपुर मोड़ कालपी हाईवे के बीच भारत गैस के गोदाम के सामने एक ट्रक असंतुलित होकर बीच के डिवाइडर से टकरा गया। इसके बाद ट्रक में आग लग गई। देखते-देखते आग ने भीषण रूप धारण कर लिया।
चालक राजकुमार तथा क्लीनर ने ट्रक से कूदकर जान बचाई। सूचना पाकर कोतवाली कोतवाल आर के सिंह पुलिस एवं फायर सर्विस दल के साथ घटना स्थल पर पहुंच गए और आग बुझाने का प्रयास करने लगी। आग इतनी भीषण थी, कि आग बुझाते समय फायर टीम के टैंक का पानी खत्म हो गया।
पुलिस ने पास के नलकूप से पानी भरवाया गया और आग पर काबू पाया। आग से हाईवे रोड पर काफी देर तक अफरातफरी का माहौल रहा। स्थिति यह रही कि कई वाहन चालक अपने वाहन छोड़कर भागने लगे।