कानपुर। गोथिया कप फुटबॉल टूर्नामेंट का आयोजन सात जुलाई से स्वीडन में किया जाएगा। इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेने वाली उत्तर प्रदेश की स्पेशल फुटबॉल टीम का चयन ट्रायल के माध्यम से किया जाएगा। यह ट्रायल 15 मार्च को कैंट स्थित प्रेरणा स्पेशल स्कूल में होगा। चयन प्रक्रिया में इटावा, वाराणसी, गाजियाबाद और लखनऊ सहित अन्य जिलों से आने वाले स्पेशल खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।
ट्रायल का उद्देश्य प्रतिभाशाली दिव्यांग खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी खेल प्रतिभा दिखाने का अवसर प्रदान करना है। चयन कार्यक्रम स्पेशल ओलंपिक भारत उत्तर प्रदेश के तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है। संगठन के प्रदेश अध्यक्ष मुकेश शुक्ला और स्पोर्ट्स एरिया डायरेक्टर संजीव दोहरे के निर्देशन में ट्रायल संपन्न होगा। संचालन संयुक्त निदेशक खेल एवं प्रशिक्षण मनोज सिंह के नेतृत्व में किया जाएगा। चयन समिति खिलाड़ियों के कौशल, फिटनेस और प्रदर्शन के आधार पर टीम का चयन करेगी।