फर्रुखाबाद रेलवे स्टेशन पर पहुंचा इलेक्ट्रिक इंजन
- फोटो : अमर उजाला
पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल बरेली के रेल संरक्षा आयुक्त (सीआरएस) ने बृहस्पतिवार को इलेक्ट्रिक ट्रेन से ट्रैक का निरीक्षण किया। ट्रेन 115 किमी की रफ्तार से दौड़ी। ट्रेन ने 56 किमी. की दूरी 32 मिनट में तय की। ट्रायल सफल होने से अब मथुरा से फर्रुखाबाद तक इलेक्ट्रिक ट्रेन जल्द चलने की उम्मीद है।
मथुरा-कासगंज-कल्याणपुर रेलखंड पर 338 किमी के विद्युतीकरण का कार्य वर्ष-2016-17 के बजट में 432.99 करोड़ की लागत से स्वीकृत हुआ था। यह कार्य इरकॉन इंटरनेशनल लिमिटेड कंपनी को सौंपा गया। सीआरएस दक्षिण पूर्व परिमंडल एके राय ने डीआरएम दिनेश कुमार सिंह के साथ फर्रुखाबाद से दरियावगंज के बीच विद्युतीकरण के बाद इलेक्ट्रिक ट्रेन से गहन निरीक्षण किया।
मथुरा से फर्रुखाबाद तक इलेक्ट्रिक ट्रेन का ट्रायल सफल रहा
इसके बाद ट्रेन की स्पीड का भी परीक्षण किया। स्पेशल ट्रेन से वह दरियावगंज से 3:10 बजे चलकर लगभग 56 किमी की दूरी 32 मिनट में तय कर फर्रुखाबाद पहुंचे। ट्रेन को 115 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से दौड़ाया गया। इससे पूर्व 29 मार्च को रेल संरक्षा आयुक्त मध्य एवं पूर्वोत्तर परिमंडल अरविंद कुमार जैन मथुरा से मेंडू तक 48 किमी और 14 मई को मेंडू से दरियावगंज तक 108 किमी के रेल खंडों का निरीक्षण कर चुके हैं।
मथुरा से फर्रुखाबाद तक इलेक्ट्रिक ट्रेन का ट्रायल सफल रहा। निरीक्षण के दौरान बेचू राय, एसएन साह, आशुतोष पंत, एके सिंह, जीपीएस नारायण, सुमित गर्ग, अनूप कुमार सिंह, सीएल साह, अमिताभ आदि रेल अधिकारी मौजूद रहे। बुधवार को डीआरएम ने सीआरएस के निरीक्षण के बाद मथुरा से फर्रुखाबाद तक इलेक्ट्रिक ट्रेन चलाए जाने के संकेत दिए थे।
स्टेशन अधीक्षक योगेंद्र शाक्य ने बताया कि ट्रेन का ट्रायल सफल रहा। मथुरा से फर्रुखाबाद तक ट्रेन चलने के संबंध में आदेश मिलने के बाद ही वह कुछ कह सकते हैं। सीआरएस ने कायमगंज स्टेशन का भी निरीक्षण किया।