कानपुर। दो दिन से लगातार हो रही बारिश से शहर में फाॅल्ट बढ़ गए। कहीं पेड़ की डालियां तार पर गिरने से फाॅल्ट हुए तो कहीं इंसुलेटर फुंकने से बिजली आपूर्ति बाधित रही। जरौली में पुरानी पानी की टंकी के पास करीब 34 घंटे तक बिजली नहीं रही।
चिड़ियाघर के पास के इलाकों में इंसुलेटर फुंक जाने से सुबह आठ बजे बिजली गुल हो गई जो रात नौ बजे तक नहीं आई। वहीं, ई-ब्लॉक क्षेत्र में सुबह 10 बजे गई बिजली देर रात तक नहीं आई। संजयनगर सबस्टेशन के मदारपुर गांव में पेड़ की डाल गिरने से छह घंटे बिजली गुल रही। गड़बड़ी के चलते हंसपुरम के राजीव विहार इलाके में भी बिजली आपूर्ति ठप रही। दादानगर में दोपहर 2:30 बजे गई बिजली शाम सात बजे आई। झकरकटी में पेड़ की डाल गिरने से चार घंटे तक बिजली आपूर्ति प्रभावित रही। आरबीआई, फजलगंज, रतनलाल नगर, एयरपोर्ट गेट के पास के इलाकोंं में दो से तीन घंटे बिजली गायब रही। पीएसी सबस्टेशन, गल्लामंडी के आसपास पांच घंटे तक बिजली गुल रही।
कई घंटै बिजली आपूर्ति बाधित रहने से घरों में लगे इन्वर्टर जवाब दे गए। मोबाइल चार्ज करने से लेकर पानी की मोटर चलाने तक के लिए लोगों को बिजली का इंतजार करना पड़ा। बिजली न आने से पेयजल आपूर्ति भी प्रभावित हुई।