रनियां (कानपुर देहात)। नव वर्ष में रनियां से घंटाघर (कानपुर) तक इलेक्ट्रिक बसों से सफर करने की सौगात मिली है। शनिवार को इस रूट पर छह बसें चलाई गई। सदर विधायक ने रनियां में हरी झंडी दिखाकर बसों को रवाना किया।
विधायक खुद एक बस में बैठकर रायपुर तक गई। इलेक्ट्रिक बसों के चलने से रनियां व आसपास के पचास गांवों के करीब डेढ़ लाख लोगों को आवागमन में सहूलियत मिलेगी। पिछले दिनों कानपुर को इलेक्ट्रिक बसें मिली हैं।
अहिरवां में इनका चार्जिंग प्वाइंट बनाया गया है। छह बसें रनियां से घंटाघर रूट पर चलाने की मंजूरी कमिश्नर ने दी है। यह बसें फजलगंज डिपो से संचालित होंगी। रनियां से घंटाघर के बीच चलने वाली छह इलेक्ट्रिक बसों को शनिवार दोपहर में सदर विधायक प्रतिभा शुक्ला ने झंडी दिखाकर रवाना किया।
उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रिक बसों से प्रदूषण नहीं होता है। इससे पर्यावरण को नुकसान नहीं होगा। वहीं इन बसों का किराया डीजल या फिर सीएनजी बसों से काफी कम है। अभी तक घंटाघर के लिए कोई बस सेवा नहीं थी।
अब रनियां से सीधे लोग कानपुर घंटाघर पहुंच सकेंगे। इस दौरान प्रबंधक संचालन धर्मवीर सिंह, माती डिपो प्रभारी अजय दीक्षित, फजलगंज डिपो के केेंद्र प्रभारी सोहन सिंह, बउवन शुक्ला, भूवनेश त्रिपाठी, नितिन कुशवाहा, कामता, रामसागर आदि रहे।
रनियां में सुबह छह बजे से इलेक्ट्रिक बसें मिलेंगी। यह दस-दस मिनट के अंतराल पर रवाना होंगी। वहीं घंटाघर से सुबह 8 बजे से दस-दस मिनट के अंतराल पर तीन बसें चलेंगी। - अजय दीक्षित, माती बस डिपो प्रभारी
रनियां से इलेक्ट्रिक बस का किराया
फत्तेपुर रोशनाई तक - पांच रुपये
कैनाल होटल तक - दस रुपये
रायपुर व किसानगर तक - 15 रुपये
सचेंडी तक - 20 रुपये
चकरपुर, पीएसआईटी कॉलेज, भौंती, भौंती बाईपास व पनकी पड़ाव तक - 30 रुपये
पुराना आरटीओ ऑफिस, भाटिया होटल पनकी व अर्मापुर तक - 35 रुपये
विजय नगर, चार खंभा कुआं, फजलगंज, जरीब चौकी, संगीत टाकीज व डिप्टी पड़ाव तक - 40 रुपये
घंटाघर तक - 45 रुपये