रुरुगंज। कस्बे में जनता मोड़ के समीप रखा 250 केवीए का ट्रांसफार्मर उपभोक्ताओं के लिए परेशानी बना हुआ है। ट्रांसफार्मर में आए दिन फाल्ट होने से आपूर्ति बाधित हो रही है। वहीं, लो वोल्टेज की समस्या भी लोगों को परेशान कर रही है।
कस्बे के उपभोक्ता सुनील कुमार, बबलू गुप्ता व अखिलेश कुमार ने बताया कि ट्रांसफार्मर में लगातार फाल्ट होने के कारण घंटों बिजली आपूर्ति प्रभावित रहती है। इसके साथ ही क्षेत्र में लो-वोल्टेज की समस्या भी बनी हुई है। इससे पंखे, कूलर समेत अन्य बिजली उपकरण ठीक से काम नहीं कर पा रहे हैं। भीषण गर्मी में बार-बार बिजली गुल होने और लो-वोल्टेज से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उपभोक्ताओं ने अधिकारियों से ट्रांसफार्मर की जांच कराकर अर्थिंग की केबल सहित खराब उपकरणों को दुरुस्त कराने तथा लो-वोल्टेज की समस्या का समाधान कराने की मांग की है। अवर अभियंता धीरेंद्र कुमार ने बताया कि ट्रांसफार्मर में आ रही तकनीकी खराबी की जानकारी है। टीम को भेजकर जांच कराई जा रही है। जल्द ही अर्थिंग केबल व अन्य खराब उपकरणों को दुरुस्त कर आपूर्ति सामान्य की जाएगी।(संवाद)
दस दिन से खराब पड़ा ट्रांसफार्मर, ग्रामीण परेशान
सहार। क्षेत्र के गांव बंसई में पिछले दस दिनों से ट्रांसफार्मर खराब पड़ा होने के कारण ग्रामीणों को बिजली संकट का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि ट्रांसफार्मर खराब होने की शिकायत संबंधित विभाग से की जा चुकी है। इसके बावजूद अभी तक ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया है। बिजली आपूर्ति बाधित होने से लोगों को रोजमर्रा के कामों में परेशानी हो रही है। ग्रामीणों के अनुसार खराब ट्रांसफार्मर गांव में गंभीर सिंह के दरवाजे के पास लगे बिजली के खंभे पर स्थापित है। लंबे समय से बिजली आपूर्ति प्रभावित होने के कारण ग्रामीणों में नाराजगी है। ग्रामीणों ने विभागीय अधिकारियों से जल्द-से-जल्द ट्रांसफार्मर बदलवाकर विद्युत आपूर्ति सुचारु कराने की मांग की है। जेई पूर्वा सुजान आफताब आलम ने बताया कि ट्रांसफार्मर के लिए डिमांड लगा दी गई है। जल्द ही ट्रांसफार्मर उपलब्ध कराकर समस्या का समाधान कराया जाएगा। (संवाद)