कानपुर देहात। पुलिस महकमे में शनिवार को बड़ा फेरबदल किया गया। इसमें तीन थाना प्रभारियों से चार्ज छीनकर उन्हें दफ्तर व पुलिस लाइन में भेजा गया। वहीं थानों व चौकियों में तैनात 55 उप निरीक्षकों के भी तबादले किए गए हैं।
एसपी केशव कुमार चौधरी ने रूरा के प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार को हटा कर पुलिस लाइन भेजा है। वहीं पुलिस लाइन से अनूप कुमार निगम को रूरा थाने की जिम्मेदारी दी गई है। मंगलपुर इंस्पेक्टर चंद्रदेव यादव को हटाकर अपराध शाखा में तैनात किया गया है।
वहीं अजय पाल सिंह को मंगलपुर में बतौर प्रभारी निरीक्षक तैनात किया गया है। गजनेर के प्रभारी निरीक्षक गंगा सिंह को बरौर भेजा गया है उनकी जगह पुलिस लाइन से शिवप्रकाश को तैनात किया गया है। महिला थाना की एसओ रीना गौतम को बच्चा सेल व महिला सहायता प्रकोष्ठ का प्रभारी बनाया गया है।
वहीं महिला थाने की जिम्मेदारी पुलिस लाइन से रेहाना यासमीन खान को दी गई है। उप निरीक्षकों के तबादले में ग्रोथ सेंटर चौकी इंचार्ज अरुण कुमार द्विवेदी व कहिंजरी चौकी इंचार्ज गजेंद्र पाल को लाइन हाजिर कर दिया गया है। ग्रोथ सेंटर की जिम्मेदारी भोगनीपुर में तैनात रहे अनिल सिंह को सौंपी गई है।
अमरौधा चौकी इंचार्ज भारत सिंह को कहिंजरी में तैनात किया गया है। इसके अलावा कई अन्य थानों व चौकी के उप निरीक्षकों की तैनाती स्थल में फेरबदल किया गया है। एसपी केशव कुमार चौधरी ने बताया कि कानून व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए ये कदम उठाए गए हैं। सभी को नवीन तैनाती स्थल में तत्काल कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।