कानपुर देहात/रूरा। प्रदेश में बड़ौदा यूपी बैंक से दो अन्य बैंकों का विलय किया गया है। शनिवार को रूरा समेत कई शाखाओं में सर्वर की दिक्कतें रही तो लेनदेन ठप रहा। ग्राहकों को मायूस होकर लौटना पड़ा।
बैंक से अन्य दो बैंकों के विलय की सूचना ग्राहकों के मोबाइल पर दी गई है। वहीं बैंक शाखाओं में मुख्य गेट पर भी नोटिस लगाई गई है। रूरा शाखा में शनिवार को हसनापुर, तिगाई, बरौला, धनीरामपुर, भटौली, भिखनापुर, शहबाजपुर, सर्वा टप्पा, सराय गढ़ेवा, भारापुरवा आदि गांवों से लोग पहुंचे। वहां सर्वर न आने व बैंक विलय की वजह बताई गई। पूरे दिन बैंकिंग ठप रही।
बैंक कर्मियों ने ग्राहकों को बताया कि बड़ौदा यूपी बैंक से आर्यावर्त बैंक व प्रथमा ग्रामीण बैंक का विलय हो गया है। इसको लेकर साफ्टवेयर अपडेट की प्रक्रिया की जा रही है। सर्वर की दिक्कत से बैंकिंग बाधित है। शाखा प्रबंधक राजीव मिश्र ने बताया कि बड़ौदा यूपी बैंक से दो अन्य बैंकों का विलय हुआ है। कार्यक्षेत्र में परिवर्तन और पोर्टल में बदलाव का काम हो रहा हे। इसको लेकर तकनीकी समस्या है। अन्य शाखाओं में भी दिक्कतें हैं। दो दिन अभी दिक्कत बनी रहेगी।