भरथना (इटावा)। साम्हो रेलवे स्टेशन की डाउन लाइन पर शनिवार सुबह छह बजे पटरी चटकने की सूचना मिली। इससे रेलवे अफसरों में खलबली मच गई। हावड़ा- दिल्ली रेलवे ट्रैक पर समस्तीपुर स्पेशल, अमृत भारत को भरथना रेलवे स्टेशन पर खड़ा कराया गया। कॉशन देकर 20 किमी की रफ्तार से ट्रेनों को निकाला गया। रेलवे तकनीकी टीम ने पहुंचकर स्थिति की जांच कर करीब सात बजे ट्रैक को बहाल कर दिया। इसकी वजह से अवध, मरुधर एक्सप्रेस समेत आठ ट्रेनें प्रभावित रहीं। उन्हें रोक-रोक कर चलाया गया।
साम्हो रेलवे स्टेशन की डाउन लाइन पर पोल संख्या 1126/08 के पास रेल पटरी के चटकने की सूचना अधिकारियों को मिली। इस पर इटावा से रेलवे की तकनीकी टीम को मौके पर भेजा गया। इससे डाउन लाइन पर चल रहीं कई ट्रेनों की रफ्तार थम गई। इटावा रेलवे स्टेशन अवध व मरुधर एक्सप्रेस को 15 से 20 मिनट देरी से चलाया गया। इस दौरान दिल्ली से कानपुर की तरफ जा रही 09617 समस्तीपुर स्पेशल एक्सप्रेस को भरथना रेलवे स्टेशन पर शनिवार की सुबह करीब 6:10 डाउन लाइन पर रोका गया।
इसे लगभग एक घंटे बाद सवा सात बजे गंतव्य के लिए रवाना किया गया। इसी दौरान पीछे से आ रही 19623 अमृत भारत एक्सप्रेस को डाउन लूप लाइन पर रोककर आधा घंटे बाद रवाना किया गया। ट्रेनों की देरी से यात्री परेशान रहे। वहीं, सुरक्षा व्यवस्था को लेकर स्थानीय जीआरपी व आरपीएफ के ऑन ड्यूटी सुरक्षाकर्मी मुस्तैद बने रहे। फिलहाल, फ्रैक्चर होने की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी।
दिल्ली-हावड़ा रेलवे लाइन पर स्थित साम्हो रेलवे स्टेशन यार्ड में शनिवार की सुबह डाउन रेललाइन पर पटरी चटके होने की सूचना पर यात्री परेशान रहे। उधर, उत्तर-मध्य रेलवे प्रयागराज मंडल के जनसंपर्क अधिकारी अमित कुमार सिंह ने बताया कि सुबह करीब छह बजे साम्हो में रेलवे पटरी के चटकने की सूचना मिली थी। तकनीकी टीम के सहयोग से उसे सही करवाया दिया गया है। इस दौरान कॉशन देकर ट्रेनों को निकाला गया।