जसवंतनगर (इटावा)। तहसील तिराहे के पास शनिवार शाम 20 चक्का ट्रेलर अनियंत्रित हो गया। ट्रेलर डायल यूपी 112 पुलिस की कार समेत दो कारों को टक्कर मारता हुए नेशनल हाईवे डिवाइडर को पार करके दूसरी तरफ पहुंच गया। इससे खलबली मच गई। हादसे में सिपाही समेत तीन लोग घायल हो गए। पुलिस ने ट्रेलर चालक को पकड़ लिया है।
शनिवार शाम लगभग छह बजे इटावा की तरफ आगरा का ओर जा रहा ट्रेलर तहसील तिराहे अनियंत्रित हो गया। वह यूपी 112 पुलिस और एक अन्य कार में टक्कर मारता हुआ तहसील तिराहे पर अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार करके दूसरी तरफ चला गया। ट्राॅला अंनियंत्रित होते ही ट्रेलर चालक संतोष (20) निवासी फतेहपुर सीकरी आगरा कूद गया। वह गिरकर घायल हो गया। पुलिस कार में तैनात सिपाही सुरेंद्र कुमार मौर्य (37) और दूसरी कार का चालक सुधांशु (35) निवासी फर्रुखाबाद घायल हो गए। सूचना पर थानाध्यक्ष कमल भाटी, उपनिरीक्षक मनीष कुमार, ललित चतुर्वेदी पहुंच गए। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सुचारू कराया। सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां हालत गंभीर होने पर उन्हें आयुर्विज्ञान विवि रेफर कर दिया।