कानपुर देहात। जिले के रूरा, झींझक स्टेशन पर रुकने वाली ट्रेनों में सीटें फुल चल रही हैं। इससे दीपावली पर घर आने वाले परदेसियों के लिए मुसीबत बढ़ गई है। महानगरों की ओर से आने वाली मुरी एक्सप्रेस, महाबोधी, गोमती जैसी एक्सप्रेस ट्रेनों में लंबी वेटिंग है। वहीं, कुछ ट्रेनों में नो रूम है। इससे यात्री निराश होकर वापस लौट जा रहे हैं।
रोजगार के सिलसिले में महानगर दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, सूरत जैसे प्रांत गए लोग त्योहार में घर आते हैं। 18 अक्तूबर को धनतेरस तो 20 अक्तूबर को दीपावली है। वहीं, पूर्वांचल का सबसे बड़ा पर्व माना जाने वाला छठ 25 अक्तूबर से मनाया जाएगा। जैसे-जैसे पर्व करीब आ रहे हैं, वैसे-वैसे ट्रेनों में भीड़ बढ़ती जा रही है। ट्रेनों में लंबी वेटिंग चल रही है। इससे यात्रियों के सामने परेशानी अभी से दिख रही है। टिकट काउंटर पर बुकिंग कराने के लिए पहुंचने पर ट्रेनों में 19 अक्तूबर तक वेटिंग तो कई में रिग्रेट (विशेष श्रेणी में कोई सीट न होना) दिखा रहा है।
नई दिल्ली से लखनऊ की तरफ आने वाली गोमती एक्सप्रेस में 16 से 19 तक रिग्रेट दिखा रहा है। जबकि 20 से 24 तक वेटिंग चल रही है। वहीं, महानंदा एक्सप्रेस में 16 व 17 अक्तूबर तक 134 वेटिंग चल रही है व 18 और 19 अक्तूबर को रिग्रेट दिखा रहा है। कुछ यही स्थिति जम्मू तवी- टाटानगर एक्सप्रेस में है। इसमें टिकट बुकिंग कराने के लिए जाने वाले लोगों 11 अक्तूबर से 18 तक रिग्रेट बताया जा रहा है। जबकि 20 व 22 अक्तूबर को वेटिंग चल रही है। मुरी एक्सप्रेस में 13 से 16 अक्तूबर तक वेटिंग व 18 अक्तूबर को रिग्रेट नजर आ रहा है।
................
बोले लोग-
बुआ के बेटा गोपाल इस बार दिल्ली से दीपावली मनाने के लिए यहां आना चाह रहा था, लेकिन टिकट कंफर्म न हो पाने की वजह से इरादा बदलना पड़ा है। टिकट बुकिंग के दौरान ट्रेनों में रिग्रेट दिखा रहा है। सीट मिली तो ही वह रूरा आएगा। - नरेंद्र द्विवेदी, रूरा
............
पूर्वांचल में छठ पर्व का बहुत महत्व है। इस बार दीपावली पर्व घर वालों के साथ मनाकर मित्र के पास गोरखपुर जाने की इच्छा थी, लेकिन टिकट कंफर्म न हो पाने से इरादा बदलना पड़ा है। अब अगले वर्ष विचार करेंगे। - प्रगेश यादव, रूरा
..............
बयान-
इस समय कई ट्रेनों में वेटिंग चल रही है। त्योहार में यात्रियों को समस्या न हो, इसके लिए रेलवे ने कई त्योहार स्पेशल ट्रेनों का संचालन शुरू किया है। - अशोक कुमार, स्टेशन अधीक्षक, रूरा