कानपुर देहात। माती पुलिस लाइन में प्रशिक्षण ले रहे 119 रंगरूटों का प्रशिक्षण पूरा हो गया। बुधवार को एडीजी ने सिपाहियों को कर्तव्यनिष्ठा की शपथ दिलाई। पुलिस का हिस्सा बनने पर शुभकामनाएं दी। अफसरों ने उन्हें अनुशासन व ड्यूटी के प्रति ईमानदारी का पाठ पढ़ाया।
पासिंग आउट परेड को संबोधित करते हुए एडीजी भानु भास्कर ने कहा कि पुलिस के पास कानून व्यवस्था कायम रखने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। ऐसे में पुलिस से अनुशासन की अपेक्षा की जाती है। ट्रेनिंग पूरी कर चुके रंगरूटों से कहा कि जीवन में आगे बढ़ने के लिए अनुशासन बेहद जरूरी है।
डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह ने जवानों से कहा कि पुलिस का हिस्सा बनना गौरव की बात है। वर्दी हमेशा अपने फर्ज की याद दिलाती है। इसे नहीं भूलना चाहिए। एसपी केशव कुमार चौधरी ने कहा कि ड्यूटी के प्रति ईमानदारी बरतनी चाहिए।
सेवा में उत्कृष्ट करने की कोशिश हमेशा करते रहना चाहिए। ऐसे जवानों की सेवाओं को विभाग सदैव याद रखता है। पासिंग आउट परेड में बेहतर प्रदर्शन करने वाले जवानों को एडीजी ने पुरस्कृत किया। सभी 119 रंगरूटों को पद व कर्तव्य को पूर्ण ईमानदारी से निभाने की शपथ दिलाई गई।
परेड में अफसरों के साथ ट्रेनिंग पूरी कर चुके कई जवानों के परिजन भी शामिल हुए। बिठूर कानपुर के प्रेमपुर निवासी सिपाही अनुराग राजपूत ने कार्यक्रम में मौजूद दादी सरजू देवी को पगड़ी पहना कर आशीर्वाद लिया। सफलता पूर्वक ट्रेनिंग पूरी करने में पौत्र को उन्होंने गले लगाकर बधाई दी।