कानपुर। हैलट पुल पर सोमवार दोपहर जाम लग गया। इसमें एक एंबुलेंस भी फंस गई। एंबुलेंस में गंभीर मरीज था जो इलाज के लिए तड़प रहा था। एडवांस लाइफ सपोर्टिंग एंबुलेंस (एएलएस) भी जाम में फंसी थी। जाम जल्दी खुलवाने के लिए एंबुलेंस चालक हूटर बजाता रहा लेकिन जाम नहीं खुला। इसके बाद उसमें से एक युवक उतरा और काफी मशक्कत के बाद अगल-बगल के वाहनों को किनारे कर रास्ता बनाया।
सोमवार दोपहर करीब एक बजे मेडिकल काॅलेज पुल से लेकर हैलेट तक भीषण जाम लग गया। जाम की वजह हैलेट गेट से दवा लेने जा रहे तीमारदारों का पैदल सड़क पार करना भी रहा। वहीं, पुल से हैलट की ओर उतरने पर गोल चौराहे की ओर से आ रही लेन की वजह से बॉटलनेक की स्थिति बनना रहा। ऐसे में पीछे से आ रहे वाहन तेजी से आगे नहीं बढ़ पा रहे थे और जाम बढ़ता गया।
पुल के पास टीएसआई सड़क किनारे छाया में खड़े थे और कामचलाऊ अंदाज में जाम खुलवाने की कोशिश करते रहे। इस बीच जाम में एक एंबुलेंस फंस गई। इसमें बांगरमऊ के धर्म सिंह सीने में तेज दर्द से तड़प रहे थे। ड्राइवर के हूटर बजाने के कारण आस-पास के वाहन चालकों ने उसे साइड देने की कोशिश भी की। इसके बाद भी एंबुलेंस के लिए रास्ता नहीं बना। करीब 30 मिनट तक जाम में फंसे रहने के बाद एंबुलेंस से उतरे युवक ने धीरे-धीरे रास्ता बनवाकर एंबुलेंस को आगे बढ़वाया। इस दौरान चिलचिलाती धूप में दोपहिया वाहन सवार फंसे रहे।