उत्तर प्रदेश के कानपुर में मरम्मत के लिए जाजमऊ पुराने पुल को 13 मार्च से 20 दिन के लिए बंद कर दिया जाएगा। यह फैसला शुक्रवार को एसपी ट्रैफिक कार्यालय में एनएचएआई के अधिकारियों के साथ बैठक के दौरान लिया गया।
लखनऊ से कानपुर की ओर जाने वाले सभी कामर्शियल, डोमेस्टिक छोटे बड़े वाहनों के डायर्वजन की रूपरेखा तैयार कर ली गई है। एसपी ट्रैफिक बसंत लाल ने बताया कि कैबिनेट मंत्री सतीश महाना के निर्देश के बाद एनएचएआई के अफसरों ने पुल मरम्मत के लिए कार्ययोजना बनाई है।
इसे लेकर शुक्रवार को एनएचएआई के परियोजना निदेशक पंकज मिश्रा, डीजीएम देवकी नंदन मिश्रा ने एसपी ट्रैफिक कार्यालय में बैठक की। मरम्मत के दौरान लखनऊ से कानपुर की ओर जाने वाले सभी बड़े कामर्शियल वाहनों को जाजमऊ बदरका चौराहे से अचलगंज की ओर व गंगा बैराज मार्ग से डायवर्ट कर कानपुर को निकाला जाएगा।
सभी प्रकार के छोटे वाहनों को गंगाघाट के नवीन व पुराने गंगापुल से निकाला जाएगा। कोतवाली क्षेत्र के मरहला चौराहा व जाजमऊ बदरका चौराहा को मुख्य डायवर्जन प्वाइंट चौकी बनाया जाएगा। इस संबंध में उन्होंने एसपी उन्नाव को पत्र भेज दिया है।