सरैया रेलवे क्रॉसिंग मार्ग पर जाम में एक एंबुलेंस भी फंस गई, जिसे पुलिस ने किसी तरह बाहर निकलवाया। जाजमऊ पुराने गंगापुल की बेयरिंग बदलने के लिए एनएचएआई की ओर से डायवर्जन का तीन दिवसीय ट्रायल कराया जा रहा है। सोमवार को सप्ताह का पहला कार्यदिवस होने के कारण सुबह से ही वाहनों का दबाव अधिक रहा। जाम की स्थिति को देखते हुए मुख्य चौराहों पर यातायात पुलिस के साथ सिविल पुलिस बल भी बढ़ाया गया।
बदरका में सुबह छह से 10 बजे तक जाम
बदरका चौराहे पर सुबह छह से 10 बजे के बीच वाहनों का दबाव अधिक रहा। शाम छह से आठ बजे के बीच भी जाम की स्थिति बनी रही। यहां एक टीएसआई समेत पांच यातायात पुलिसकर्मियों के साथ अतिरिक्त सिविल पुलिस बल तैनात किया गया। कई बार बड़े और भारी वाहनों के फंसने से जाम और बढ़ गया।
मरहला और सरैया में फंसी एंबुलेंस
मरहला चौराहा और सरैया रेलवे क्रॉसिंग मार्ग पर भी सुबह आठ से 10 बजे और शाम पांच से आठ बजे के बीच वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। सरैया रेलवे क्रॉसिंग मार्ग पर जाम में एक एंबुलेंस फंस गई। पुलिसकर्मियों ने मशक्कत कर उसे जाम से बाहर निकलवाया।
नवीन गंगापुल पर भी लगी वाहनों की कतार
नवीन गंगापुल तिराहे पर सुबह और शाम करीब एक-एक घंटे जाम की स्थिति रही। डायवर्जन के कारण वैकल्पिक मार्गों पर वाहनों का दबाव बढ़ने से कई स्थानों पर यातायात धीमा रहा। स्थिति को देखते हुए मुख्य चौराहों पर पुलिस बल बढ़ाया गया है। सीओ यातायात प्रदीप मौर्य ने बताया कि उन्नाव के गदनखेड़ा, बदरका, मरहला और सरैया रेलवे क्रॉसिंग मार्ग पर जाम न लगे, इसके लिए दूसरे दिन व्यापक प्रबंध किए गए हैं। सभी स्थानों पर अतिरिक्त स्टाफ लगाया गया है। मरहला चौराहे पर विशेष फोकस रखा जा रहा है।
रोडवेज बसें गंगा बैराज से जाएंगी
सीओ यातायात के अनुसार फिलहाल रोडवेज बसों को सरैया रेलवे क्रॉसिंग मार्ग से गंगा बैराज होते हुए कानपुर भेजा जाएगा। अन्य भारी वाहनों के इस मार्ग से आवागमन पर रोक रहेगी। डायवर्जन ट्रायल के दौरान यातायात व्यवस्था की लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि जरूरत के अनुसार व्यवस्था में बदलाव किया जा सके।