गोविंदनगर में प्रदर्शन करते व्यापारी।
- फोटो : वीडियो ग्रैब
कानपुर। गोविंदनगर में नई सीवर लाइन बिछाए जाने के विरोध में व्यापारी सोमवार को सड़क पर उतर आए। उन्होंने दुकानों को बंदकर बाजार में घूम-घूमकर प्रदर्शन किया। इस दाैरान व्यापारियों ने पुरानी पड़ी सीवर लाइन की सफाई कराने की मांग उठाई। साथ ही चेताया कि अगर नई सीवर लाइन बिछाई गई तो दुकानों की चाबी प्रशासन को सौंप देंगे। प्रदर्शन की सूचना मिलने पर पुलिस भी माैके पर पहुंच गई।
गोविंदनगर से सीटीआई के बीच तीन करोड़ रुपये से नई सीवर लाइन और सड़क बनाई जानी है। इसके लिए जल निगम खोदाई कराने की तैयारी कर रहा है। इसकी जानकारी मिलते ही व्यापारी भड़क गए और बैठक की। तय किया कि नई सीवर लाइन डालने का विरोध कर पुरानी सीवर लाइन की सफाई कराने की मांग की जाएगी। इसके बाद व्यापारियों ने दुकानें बंद कर दीं और बाजार में घूम-घूमकर नारेबाजी करने लगे। भगत सिंह मार्ग मार्केट एसोसिएशन के महामंत्री बलवीर सिंह छाबड़ा ने बताया कि जानकारी मिली कि मंगलवार से जल निगम खोदाई कराने की तैयारी कर रहा है। उन्होंने बताया कि अगर पुरानी सीवर लाइन की सफाई हो जाए तो जलभराव की समस्या खत्म हो जाएगी।
व्यापारी नेता राकेश पाटनी ने बताया कि सड़क की खोदाई होने से पांच से सात हजार परिवार आर्थिक संकट से जूझेंगे। उन्होंने सीवर लाइन बिछाए जाने का आदेश वापस लेने की मांग की। कहा कि अगर मांग पूरी नहीं हुई तो दुकानों को बंद कर चाबी प्रशासन को सौंप देंगे। पार्षद नवीन पंडित ने बताया कि आदर्श बेकरी से लेकर बाटा चौराहा के बीच के कुछ व्यापारी विरोध कर रहे हैं जबकि स्कूल, गुरुद्वारा, मंदिर समेत अन्य लोगों ने समर्थन किया है। उन्होंने बताया कि अभी तक बरसाती नाले से पानी निकल रहा था जो ध्वस्त हो चुका है।