तालग्राम। तेराजाकेट मार्ग पर निकवा कोल्ड स्टोरेज के पास गुरुवार शाम ट्रैक्टर ने दो बाइकों में टक्कर मार दी। हादसे में दोनों बाइक चालक घायल हो गए। गंभीर हालत होने पर सीएचसी से उन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। चालकों ने हेलमेट नहीं लगा रखा था।
खजुरियन नगला गांव निवासी अखिलेश (43) बाइक से घर जा रहे थे। शाम छह बजे निकवा कोल्ड स्टोरेज के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वह बाइक समेत दूर जा गिरे। टक्कर के बाद भागने के प्रयास में ट्रैक्टर चालक ने जलखरिया निवासी दयाराम (45) की बाइक में भी टक्कर मार दी। इससे दोनों बाइक सवार सड़क पर गिरकर घायल हो गए।
हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर समेत मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस से दोनों घायलों को सीएचसी तालग्राम भिजवाया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। प्रभारी निरीक्षक रंजना पांडेय ने बताया कि तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।