पुखरायां में हादसे के बाद क्षतिग्रस्त खड़ी बस। संवाद
- फोटो : PUKHRAYAN
पुखरायां। भोगनीपुर कोतवाली क्षेत्र के मावर-जुनेदपुर गांव के मोड़ के पास झांसी-कानपुर हाईवे में नेपाल से बंगलूरू जा रही टूरिस्ट बस आगे जा रहे डंपर में पीछे से टकरा गई। हादसे में बस चालक की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया। टूरिस्ट बस कंपनी में सूचना दिए जाने पर पहुंची दूसरी बस से सभी यात्रियों को आगे रवाना किया गया।
भोगनीपुर कोतवाली क्षेत्र के झांसी-कानपुर हाईवे पर शुक्रवार को नेपाल से बंगलूरू जाते समय टूरिस्ट बस मावर-जुनेदपुर मोड़ के पास आगे चल रहे डंपर में पीछे से टकरा गई। हादसे में बस चला रहा ड्राइवर कर्नाटक निवासी फखरुद्दीन उर्फ बाबू फक्कड़ी (40) बस की केबिन में फंस गया, वहीं बंगलूरू के बागलपुड़ी निवासी श्रीकांत और नेपाल के धनगढ़ी निवासी शेर बहादुर घायल हो गए।
सूचना पर पहुंचे देवीपुर चौकी इंचार्ज भूपेंद्र सिंह ने घायलों को इलाज के लिए सीएचसी भेजा। परेशान लोगों को शांत कर टूरिस्ट बस कंपनी के नंबर पर सूचना दी। देवीपुर सीएचसी में डॉ. राकेश कुमार ने चालक को मृत घोषित कर दिया। वहीं दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
बस में सवार लोगों ने बताया कि वह नेपाल के पलिया से बंगलूरू के लिए सवार हुए थे। हादसे से थोड़ी देर पहले ही बस चालक बदला गया था। स्थानीय लोगों ने बताया कि झांसी-कानपुर हाईवे में निर्माण कार्य चल रहा है। इसके कारण मावर गांव के सामने डिवाइडर के कट से माती तक रोड डायवर्जन है।
आगे जा रहे डंपर के धीमे होते ही पीछे से बस टकरा गई। चौकी इंचार्ज भूपेंद्र सिंह ने बताया कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। टूरिस्ट कंपनी की दूसरी बस आने पर सभी यात्री को बैठा कर रवाना कर दिया गया। डंपर चालक मौके से भाग निकला।