कानपुर। रावतपुर थानाक्षेत्र में फल विक्रेता से एक युवक ने लाख रुपये की टप्पेबाजी कर दी। बहाने से दुकानदार का मोबाइल लिया और दूसरे के खाते में पैसे ट्रांसफर कर दिए। पीड़ित ने गुरुवार को रावतपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
रावतपुर निवासी त्रिभुवन कुशवाहा की डबल पुलिया पर फल की दुकान हैं। उन्होंने बताया कि दुकान पर ऑनलाइन भुगतान के लिए क्यूआर के साथ स्पीकर लगा है। स्पीकर खराब होने पर मई में फोन पे कर्मचारी को कॉल किया था।
कर्मचारी और उसके साथ अंकुर साहू नाम का एक व्यक्ति आया। स्पीकर ठीक कर दोनों चले गए। 30 मई को अंकुर दुकान पर फिर आया। उसने दूसरी कंपनी का क्यूआर लगाने का सुझाव दिया। बोला यह लाइफ टाइम चलेगा।
बहाने से उसने मोबाइल लेकर कुछ किया और बोला एक दो दिन में क्यूआर बदल दिया जाएगा। इसके बाद वह चला गया। इस दौरान मोबाइल से किसी को एक लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए और ट्रांसफर होने का मैसेज डिलीट कर दिया।
जब वह बैंक गए तो ठगी की जानकारी हुई। रावतपुर थाना प्रभारी केके मिश्रा ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।