कानपुर। आपूर्ति में कमी होने से टमाटर का भाव एक बार फिर 50 रुपये किलो पहुंच गया है। हालांकि, जनवरी के अंत या फरवरी में स्थानीय फसल आने के बाद भाव कम होने का अनुमान है। वहीं, हरी सब्जियों के दाम में कमी आई है। हरी मटर का भाव 25-30 रुपये किलो और गोभी-बंधा पांच-पांच रुपये प्रति पीस बिक रहा है। गाजर, शिमला मिर्च के भाव भी कम हुए हैं। नया आलू फुटकर में 12 रुपये किलो में बिक रहा है।
हरी सब्जी आढ़ती व्यापार मंडल चकरपुर अध्यक्ष सौरभ पांडेय ने बताया कि अब थोक में टमाटर का भाव 30-35 रुपये किलो पहुंच गया है, पहले 20-25 रुपये था। टमाटर शिवपुरी से आ रहा है। पूर्व में यहां पर बारिश से फसल खराब हुई थी। बारिश खत्म होने के बाद किसानों ने जो फसल लगाई थी वो बाजार में आने लगी थी। इससे भावों में अंतर आया था और आपूर्ति भी बढ़ी थी लेकिन अब मांग ज्यादा है और आपूर्ति कम हुई है।
गुरूवार को मंंडी में 15 पिकअप में टमाटर आया। एक पिकअप में 15 टन टमाटर आता है जबकि कुछ समय पहले तक 30 पिकअप टमाटर मंडी में आ रहा था। मिर्जापुर की फसल भी खत्म होने से आपूर्ति में असर आया है। जनवरी के अंत में या फरवरी के पहले सप्ताह में चौबेपुर और क्षेत्र की स्थानीय टमाटर की फसल बाजार में आने लगेगी। इससे तेजी से भाव कम होंगे। उन्होंने बताया कि मटर जालौन से आने लगी है। आपूर्ति में तेजी से मटर के दाम भी कम हो गए हैं। थोक में मटर 15-18 रुपये किलो में आ गई है। फुटकर में इसके भाव 25-30 रुपये किलो हो गए हैं। सब्जी व्यापारी राकेश कुमार ने बताया कि टमाटर को छोड़कर हर सब्जी के भाव कम हैं। मटर, धनिया, अदरक, लहसुन, गोभी-बंधा के दाम घटे हैं।
थोक में सब्जियों के दाम किलो में
टमाटर 25-30, मटर 15-18, गोभी 2-3 (प्रति पीस), बंधा 2-3 (प्रति पीस), आलू 8, प्याज 15, अदरक 40, शिमला मिर्च 40, लहसुन 110, गाजर 10, सोया मेथी 30-40, पालक 30-40, बथुआ 30, बैगन 15-20 रुपये किलो में।
फुटकर में सब्जियों के दाम किलो में
टमाटर 40-50, मटर 25-30, गोभी 5-10 (प्रति पीस), बंधा 5-10 (प्रति पीस), आलू 12, प्याज 15-25, अदरक 60, शिमला मिर्च 50-60, लहसुन 120-140, गाजर 15-20, सोया मेथी 40, पालक 50, बथुआ 40, बैगन 30- 40 रुपये किलो।