कानपुर। खेल निदेशालय उत्तर प्रदेश की ओर से प्रदेश स्तरीय जूनियर बालिका कुश्ती प्रतियोगिता नौ से 11 जनवरी तक आजमगढ़ में होगी। प्रतियोगिता के लिए गुरुवार को कानपुर टीम का चयन ट्रायल के आधार पर राज नारायण खेल विकास संस्थान, लाल्हेपुर उदयपुर में किया गया।
ट्रायल में 50 से अधिक बालिकाओं ने कुश्ती मुकाबलों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। चयन प्रक्रिया कुश्ती कोच रामसजन यादव की देखरेख में हुई। चयनित कानपुर टीम में रोशनी, आरती निषाद, मोनिका यादव, रचना मौर्या, गौरी यादव, आयुषी वर्मा, किरन, पायल यादव, अनीता चौधरी और दिव्यांका यादव को शामिल किया गया है। टीम मैनेजर के रूप में अभय कुमार सिंह को नियुक्त किया गया है। यह जानकारी क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी भानु प्रसाद ने दी।