तकनीकी कार्य रातभर में पूरा हो जाएगा।
कानपुर-लखनऊ रूट के अपट्रैक पर शनिवार सुबह से ट्रेनों का संचालन शुरू हो जाएगा। ट्रैक पर शुक्रवार देर रात तक मरम्मत का काम चलता रहा। डीआरएम लखनऊ मंडल एके लाहोटी ने बताया कि बोगियों को हटा दिया गया है। तकनीकी कार्य रातभर में पूरा हो जाएगा। शनिवार सुबह तक अपट्रैक चालू हो जाएगा। हादसे की जांच के लिए चार सदस्यीय टीम गठित की गई है। टीम 10 के दिन अंदर जांच रिपोर्ट देगी। जिसके बाद ही हादसे के कारणों का पता चलेगा।
गौरतलब है कि गंगाघाट रेलवे स्टेशन से करीब दो किलोमीटर दूर छमकनाली पुलिया संख्या-108 के पास गुरुवार शाम मालगाड़ी के डिब्बे पलट गए थे। घटना के बाद से डाउन ट्रैक पर ट्रेनों का संचालन ठप हो गया। शुक्रवार की सुबह करीब पांच बजे से मालगाड़ी के डिब्बों को हटाने के लिए कार्य शुरू हुआ। इसके लिए दो हाइड्रा क्रेन, चार जेसीबी के अलावा दो छोटी क्रेन की मदद ली गई। ढाई सौ रेलवे कर्मियों के अलावा दो सौ मजदूरों को भी काम में लगाया गया है। दिनभर डीआरएम और आरपीएफ कमाडेंट के अलावा लखनऊ डिवीजन के अन्य अधिकारी मौके पर रहकर काम को जल्द से जल्द पूरा कराने में जुटे रहे। डीआरएम लखनऊ मंडल एके लाहोटी से बताया कि अभी यह कहना जल्दबाजी होगी कि हादसे में गलती किसकी है और क्यों ऐसा हुआ। कहा कि जांच टीम गठित की गई है। जांच में संबंधित रेलवे स्टाफ से पूछताछ होगी और उनके बयान दर्ज किए जाएंगे। बताया कि घटना के समय गंगाघाट रेलवे स्टेशन पर किस एसएम की ड्यूटी थी, रेल पथ पर पेट्रोलिंग के लिए किस गैंगमैन की टीम थी, इस दौरान आरपीएफ गश्त पर थी या नहीं सहित अन्य कई बिंदुओं पर पड़ताल की जाएगी। बताया कि उम्मीद है कि शनिवार सुबह से सभी ट्रेनों का चलना शुरू हो जाएगा।