केंद्र सरकार ने देश के चमड़ा उद्योग के लिए बजट में इस पैकेज की घोषणा की थी
केंद्रीय वाणिज्य, उद्योग एवं नागरिक उड्डयन मंत्री सुरेश प्रभु मंगलवार को कानपुर में देश के चमड़ा कारोबारियों के लिए 2600 करोड़ रुपये का स्पेशल पैकेज लॉन्च करेंगे। केंद्र सरकार ने चमड़ा उद्योग के लिए बजट में इस पैकेज की घोषणा की थी।
चर्म निर्यात परिषद के क्षेत्रीय अध्यक्ष जावेद इकबाल ने बताया कि चमड़ा उद्योग में रोजगार बढ़ाने के लिए सरकार ने इस पैकेज की घोषणा की है। यह पैकेज केंद्र सरकार के इंडियन फुटवियर, लेदर एंड एसेसरीज डेवलपमेंट प्रोग्राम को आगे बढ़ाने में मदद करेगा। यह आने वाले तीन वित्तीय वर्षों में पूरे देश के चमड़ा कारोबार को आगे बढ़ाने में खर्च किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इससे पहले इस पैकेज की लॉन्चिंग सात मई को होटल लैंडमार्क में होनी थी। किन्हीं कारणों से केंद्रीय मंत्री का आगमन नहीं हो सका था। अब वे कानपुर-नई दिल्ली हवाई सेवा का शुभारंभ करने शहर आ रहे हैं। हवाई जहाज को हरी झंडी दिखाने के बाद सुरेश प्रभु रूमा स्थित एलन हाउस कालेज में ये पैकेज लॉन्च करेंगे। वे चमड़ा कारोबारियों के साथ मीटिंग करेंगे। साथ ही शहर और प्रदेश के औद्योगिक विकास की समीक्षा भी करेंगे। इसके अलावा वे चमड़ा कारोबारियों की समस्याएं भी सुनेंगे। केंद्रीय मंत्री चमड़ा कारोबारियों को राहत पहुंचाने वाली कुछ घोषणाएं भी कर सकते हैं। इस दौरान प्रदेश के औद्योगिक विकास मंत्री सतीश महाना, लघु, सूक्ष्म एवं मध्यम उद्योग व निर्यात प्रोत्साहन मंत्री सत्यदेव पचौरी, चर्म निर्यात परिषद के कार्यकारी निदेशक आर. सेल्वम (आईएएस) भी मौजूद रहेंगे।
कुछ ऐसे बदलेगी कानपुर के चमड़ा उद्योग की तस्वीर, मिलेगा 60 हजार लोगों को रोजगार