उत्तर प्रदेश के कानपुर में एक मामले को मैनेज करने के एवज में दारोगा द्वारा घूस लेने का मामला प्रकाश में आया है। मामला कल्याणपुर थाने का है, जहां दरोगा यशपाल सिंह का घूस लेते हुए एक वीडियो शुक्रवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। आरोप है कि उन्होंने एक मामले की जांच को मैनेज करने के नाम पर रुपए लिए हैं। लेकिन बात बिगड़ने पर रुपए देने वाले ने ही वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। मामले की जानकारी मिलने पर कानपुर पुलिस कमिश्नर ने जांच बैठा दी है।
मिली जानकारी के अनुसार कल्याणपुर थाने की इंदिरा नगर चौकी के प्रभारी दरोगा यशपाल सिंह हैं। सोशल मीडिया पर शुक्रवार को उनका एक वीडियो वायरल हो गया। आरोप है कि दरोगा यशपाल एक मामले की जांच कर रहे हैं। मामले को मैनेज करने के लिए आरोपी पक्ष ने थाना परिसर में दरोगा से बातचीत के दौरान ही 3000 हजार रुपये घूस दी थी, लेकिन पूरा मामला मैनेज करने के नाम पर दरोगा ने और घूस मांगी और आरोपी पक्ष से बात बिगड़ गई।