इटावा। शनिवार को चुनाव प्रचार थमने तक उड़नदस्ता टीमों ने कुल 24 लाख की नकदी जब्त की है। 251 लोगों पर गुंडा एक्ट की कार्रवाई हुई। साथ ही चुनाव प्रभावित करने वाले 372 लोगों को लाल कार्ड जारी किए गए।
एसएसपी ने संजय कुमार वर्मा ने बताया कि लाल कार्ड एक तरह का पुलिस का नोटिस है। ऐसे संदिग्ध लोगों को नोटिस देकर पुलिस आगाह करती है कि अगर उन्होंने चुनाव के दौरान कोई गड़बड़ी की तो उन पर कानूनी कार्रवाई होगी। इस नोटिस के आधार पर अगर किसी व्यक्ति ने शांतिभंग या चुनाव प्रभावित करने की कोशिश की तो उस पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई होगी।
उन्होंने बताया कि अभी तक 251 पर गुंडा एक्ट, 291 अपराधियों की हिस्ट्रीशीट खोली गई। 372 लोगों को लाल कार्ड दिए गएष 40,159 पर शांतिभंग की आशंका पर कार्रवाई हो चुकी है। 750 फरार आरोपियों के कोर्ट से एनबीडब्ल्यू जारी कराए। उड़नदस्ता टीम और पुलिस ने चेकिंग के दौरान 24 लाख रुपये की बरामदगी की है। इसके अलावा 2200 लीटर अवैध शराब बरामद हो चुकी है।
तीन थानाक्षेत्रों से असलहा फैक्टरी पकड़ी गईं। जहां से 52 बने व 13 अधबने असलहा बरामद किए गए। इसके अलावा, अर्द्धसैनिक बलों के साथ पुलिस की टीमें अलग-अलग इलाकों में पैदल गश्त कर शरारती तत्वों पर नजर रखे हुए हैं। उन्होंने बताया कि चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से निपटाने के हर संभव प्रयास किए जाएंगे। अगर किसी भी व्यक्ति ने चुनाव प्रभावित या माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।