कानपुर। यूपी टी-20 लीग के चौथे सीजन में सोमवार को लखनऊ के इकाना क्रिकेट स्टेडियम में उद्घाटन समारोह के टिकट लॉन्च किए गए। मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री के सलाहकार अवनीश अवस्थी ने समारोह के टिकट जारी किए। लीग का उद्घाटन 14 अगस्त को होगा, जबकि छह सितंबर को कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम में फाइनल और समापन समारोह आयोजित किए जाएंगे।
समारोह में सुप्रसिद्ध सितार वादक ऋषभ रिखीराम शर्मा और मशहूर गायिका जैस्मीन सैंडलस अपनी प्रस्तुतियां देंगी। साथ ही भव्य ड्रोन शो, आकर्षक आतिशबाजी और लोकप्रिय एंकर जतिन सप्रू कार्यक्रम को चार चांद लगाएंगे। उद्घाटन समारोह के लिए चार हजार रियायती टिकट जारी किए हैं। अपर ब्लॉक का टिकट 349 रुपये और लोअर विंग का 499 रुपये है। टिकट ''पहले आओ, पहले पाओ'' के आधार पर उपलब्ध होंगे। यह ई-डिस्ट्रिक्ट एप के माध्यम से भी खरीदे जा सकेंगे।
मुख्य अतिथि अवनीश अवस्थी ने कहा कि यूपी टी-20 लीग प्रदेश के युवा क्रिकेटरों के लिए प्रतिभा दिखाने का बड़ा मंच है। लीग के बाद ग्रीन पार्क स्टेडियम का नवीनीकरण कराया जाएगा। उन्होंने महिला क्रिकेट को बढ़ावा देने के लिए यूपी टी-20 लीग की तर्ज पर महिला लीग शुरू करने का सुझाव भी दिया। यूपी टी-20 लीग गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर ने बताया कि पहला चरण 14 से 26 अगस्त तक लखनऊ के इकाना स्टेडियम में खेला जाएगा, जहां उद्घाटन समारोह सहित 22 मुकाबले होंगे। इसके बाद 28 अगस्त से छह सितंबर तक कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम में 12 मैच खेले जाएंगे। उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव प्रेम मनोहर गुप्ता, कोषाध्यक्ष सचिन आनंद शुक्ला, इकाना स्टेडियम के सीएमडी उदय सिन्हा, मुख्य कार्यकारी अधिकारी अंकित चटर्जी, मीडिया मैनेजर मोहम्मद फहीम और यूपी टी-20 लीग गवर्निंग काउंसिल के सदस्य संजीव कुमार सिंह समेत अन्य सदस्य मौजूद रहे।