कानपुर। कौशलपुरी स्थित श्री सनातन धर्म एजुकेशन सेंटर में सोमवार से दो दिवसीय केएसएस अंतरविद्यालय टेबल टेनिस प्रतियोगिता शुरू हुई। पहले दिन बालक और बालिका वर्ग के मुकाबलों में पंडित दीनदयाल उपाध्याय विद्यालय और जय नारायण विद्या मंदिर के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। वहीं द चिंटल्स स्कूल, डीपीएस आजाद नगर, डीपीएस कल्याणपुर और अन्य स्कूलों के खिलाड़ियों ने जीत दर्ज कर अगले दौर में प्रवेश किया।
बालक वर्ग के प्री-क्वार्टर फाइनल में जय नारायण विद्या मंदिर ने एलन हाउस खलासी लाइन को 3-1 से हराया। पंडित दीनदयाल उपाध्याय विद्यालय ने एनएलके अकादमी को 3-1 से, द चिंटल्स स्कूल ने मंटोरा पब्लिक स्कूल को 3-0 से, गुरु नानक मॉडर्न स्कूल ने जेएमडी वर्ल्ड स्कूल को 3-2 से और डीपीएस आजाद नगर ने हेरिटेज इंटरनेशनल स्कूल को 3-0 से शिकस्त देकर क्वार्टर फाइनल में स्थान सुनिश्चित किया। बालिका वर्ग में पंडित दीनदयाल उपाध्याय विद्यालय ने मंटोरा पब्लिक स्कूल को 3-0 से मात दी, जबकि जय नारायण विद्या मंदिर ने जेएमडी वर्ल्ड स्कूल को 3-0 से हराकर अंतिम आठ में जगह बनाई। प्रतियोगिता के निर्णायक मुकाबले मंगलवार को खेले जाएंगे, जिसमें विभिन्न वर्गों के चैंपियन का फैसला होगा।