संवाद न्यूज एजेंसी
कानपुर देहात। अंतर्जनपदीय तार चोर गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर सिकंदरा व डेरापुर थाना क्षेत्रों में तार चोरी की घटनाओं का एएसपी ने मंगलवार को खुलासा किया। इनके पास से चार लाख रुपये का तार बरामद हुआ है। एक रायबरेली जिले का रहने वाला है।
पुलिस लाइन में एएसपी घनश्याम चौरसिया ने बताया कि पांच माह पहले डेरापुर व सिकंदरा थाना क्षेत्र में हाईटेंशन विद्युत लाइन के एल्युमिनियम के तार चोरी हो गए थे। दोनों थानों में रिपोर्ट दर्ज हुई थी। सर्विलांस प्रभारी प्रशांत गौतम को सोमवार को जानकारी मिली कि तार चोर गिरोह के लोग कानपुर इटावा हाईवे में लोडर से चोरी का तार लेकर जा रहे हैं। सर्विलांस, स्वाट टीम व डेरापुर पुलिस ने कौरोवा ओवर ब्रिज के पास घेराबंदी घाटमपुर सरखेलपुर के सुरेश, मुगुलपुर घाटमपुर के सुरेश व देपारमऊ खीरौं रायबरेली जिले के भवन सिंह को गिरफ्तार कर लिया। इनके पास से पिकअप में लदा करीब चार लाख रुपये कीमत का तार व एक कटर, एक तमंचा व दो कारतूस बरामद किए हैं। एएसपी ने बताया कि कई जनपदों में तार चोरी की घटना को अंजाम देते हैं। इनके विरुद्ध फतेहपुर जिले के मलवां थाने में तार चोरी की रिपोर्ट दर्ज है। गिरोह के सरगना समेत चार और लोग चिह्नित किए गए हैं। उन्हें गिरफ्तार करने के लिए टीमें काम कर रही हैं। गिरोह को पकड़ने वाली टीम को दस हजार रुपये पुरस्कार दिलाया जाएगा।
----
इनसेट :
एक रात में चार से पांच लाख रुपये का काम
कटर से तार को काटकर आरी से टुकड़े कर लेते थे। बताया कि छोटे टुकड़े छिपाने में आसानी रहती है। साथ ही इसे बेचने के लिए ले जाने में पुलिस की नजर भी नहीं पड़ती। एक ही रात में चार से पांच लाख रुपये तक काम हो जाता है।
----
निर्माणाधीन लाइनों को बनाते थे निशाना
तार चोर गिरोह के सदस्य नई हाईटेंशन लाइनों को निशाना बनाते थे, क्योंकि उसमें करंट लगने का खतरा नहीं होता। एक तरफ लाइन खींचने का काम होता रहता है तो दूसरी तरफ येे गिरोह पीछे से तार काटकर गायब करते रहते हैं। ये गिरोह जिले के अलावा कानपुर, फतेहपुर, औरैया, रायबरेली, उन्नाव आदि जनपदों में वारदात को अंजाम देता था। पुलिस इन जनपदों में इनका आपराधिक इतिहास जुटाने में लगी है।
----