कानपुर। चकेरी थाना क्षेत्र के लालबंगला के परदेवरनपुर इलाके में सोमवार देर शाम शिक्षक की 12 वर्षीय बेटी के अपहरण का प्रयास करने के आरोपियों की तलाश में पुलिस की तीन टीमें लगाई गईं हैं। ताइक्वांडो क्लासेस से लौट रही किशोरी के शोर मचाने पर उसे डंडा मार कर भाग निकले थे। पुलिस को सीसीटीवी कैमरे के फुटेज में कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला है।
परदेवनपुरवा लाल बंगला निवासी शिक्षक की 12 वर्षीय बेटी कक्षा सात की छात्रा है। वह सोमवार शाम घर से करीब 40 मीटर दूर स्थित ताइक्वांडो क्लासेस से शाम करीब 6:15 बजे क्लास से घर लौट रही थी। आरोप था कि रास्ते में दो नकाबपोश बाइक सवारों ने उसे रोक लिया और अपहरण का प्रयास किया था। शोर मचाने पर भाग निकले थे। थाना प्रभारी संतोष कुमार शुक्ला ने बताया कि पीड़िता के पिता की तहरीर पर दो अज्ञात बाइक सवारों पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। उनकी तलाश में तीन टीमों को लगाया गया है, लेकिन अभी तक कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला। किशोरी द्वारा बताए गए हुलिये के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है।