सत्यापन में अभिलेख फर्जी मिलने पर प्राथमिक स्कूलों के तीन शिक्षकों की सेवा समाप्त कर दी गई। बीएसए विनय कुमार ने तीनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए बुधवार को सदर कोतवाली में तहरीर दी है।
वर्ष 2016 के सिंतबर में प्रदेश के प्राथमिक स्कूलों में सहायक अध्यापकों के पद पर 16 हजार शिक्षकों की भर्ती हुई थी। जिले में भी साढ़े तीन सौ शिक्षकों की नियुक्ति हुई थी। इनमें प्रदीप कुमार की प्राथमिक स्कूल गोपालपुर पिलही, विनय कुमार की प्राथमिक स्कूल झुरहापुर व सुमित कुमार की प्राथमिक स्कूल गुरवल में सहायक अध्यापक पद पर नियुक्ति की गई थी। तीनों शिक्षकों ने हाईस्कूल व इंटरमीडिएट के भोपाल (मप्र) बोर्ड के शैक्षिक अभिलेख लगाए थे।
बीएसए ने बताया कि जब पहली बार इनके शैक्षिक अभिलेखों का सत्यापन कराया गया तो ये फर्जी पाए गए। शिक्षकों के प्रत्यावेदन पर दुबारा खंड शिक्षा अधिकारी को भोपाल बोर्ड भेजकर अभिलेखों का सत्यापन कराया गया तो वहां इनका कोई रिकार्ड नहीं मिला। बाद में नोटिस देकर हफ्तेभर में इनसे अपना पक्ष रखने को कहा गया। आरोपी शिक्षकों की तरफ से कोई जवाब नहीं मिला। बीएसए ने बताया कि तीनों शिक्षकों की सेवा तत्काल प्रभाव से समाप्त करते हुए सदर कोतवाली में तहरीर दी है।