गोविंद नगर के नौरैय्या खेड़ा में पनकी-मर्दनपुर नहर में बृहस्पतिवार दोपहर को नहाने गए पांच छात्रों में तीन छात्र डूब गए। इसकी सूचना पर पहुंचे पुलिस कर्मियों और कुछ लोगों ने नहर में कूदकर छात्रों को बाहर निकाला। पुलिसकर्मी फौरन इन्हें नजदीक के एक निजी अस्पताल में ले गए, जहां डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया।
बर्रा-दो डबल कालोनी निवासी रिटायर्ड फौजी केपी सिंह का इकलौता बेटा दीपक (15) क्षेत्र के ही स्कूल में 11वीं कक्षा का छात्र था। वह मुहल्ले में रहने वाले दोस्त कृष्णकांत उर्फ छोटू (15), शिवम उर्फ हनी, अमन (14) और यशू उर्फ अभय गुप्ता (14) के साथ घर से निकला था। यशू ने पुलिस को बताया कि पांचों दोस्त घर से निकलकर एक जगह पर इकट्ठा हुए। वहीं पर तय हुआ कि अमन को दशहरा पर रावण का पुतला बनाना है। दीपक ने रावण का पुतला बनाने के लिए दादानगर नहर किनारे से पयार लेकर आने की योजना बनाई। इसके बाद पांचों दोस्त तीन साइकिलों पर पनकी-मर्दनपुर नहर पर पहुंचे।